निजामपुर। क्षेत्र के गांव धोलेड़ा के बाईपास को खुलवाने के लिए वीरवार को नायब तहसीलदार व निजामपुर एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद रास्ते में पड़े पत्थर व अन्य मिट्टी के ढेर को हटाया गया।
क्रशर जोन से आने वाले डंपरों के लिए धोलेड़ा गांव के नजदीक से बाईपास बना हुआ है, लेकिन ग्रामीण बाईपास का लगातार विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस बाईपास के चलने से दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं बाईपास के बंद होने की वजह से बीते माह ट्रांसपोर्टरों ने नारनौल में रोष मार्च भी निकाला था, जिसके बाद वीरवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बाईपास को खुलवा दिया।