महेंद्रगढ़/कनीना/आकोदा। महाशिवरात्रि पर दिनभर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के शिवालय हर-हर महादेव के नारों से गूंजते रहे। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाकर अभिषेक किया। शनिवार को क्षेत्र में महादेव की आराधना का पर्व महाशिवरात्रि को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के प्राचीन मोदाश्रम मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। शिव भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन किए और शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद, घी चढ़ाकर अभिषेक किया। शिवजी को प्रिय भांग, धतूरा, बेलपत्र, फूल चढ़ाए गए। धूपबत्ती और घी के दीपक जलाकर आरती उतारी गई। मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मंदिरों में विशेष रूप से रुद्राभिषेक भी किया गया। शहर के प्राचीन शिव मंदिर, मोहल्ला तिवाड़ीयान, मोहल्ला सैनीपुरा, मोहल्ला नीमड़ी नीचे, मोहल्ला पड़ाव, मोहल्ला बास सहित अनेक मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सुबह से ही महादेव के जयकारों से मंदिर गुंज उठा।
आकोदा क्षेत्रों में भी की गई भोले की आराधना गांव खुड़ाना के शिव मंदिर में शिवभक्तों ने जल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल-फूल, मिष्ठान, चढ़ाकर बड़े मनोयोग से पूजा-अर्चना कर विश्व के कल्याण की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही भोले बाबा की अराधना की गई। इसके अलावा गांव पाली, आकोदा, बसई, जांट, भुरजट सहित अनेक गांवों में श्रद्धालुओं ने भोले के जयकारों से मंदिरों में जलाभिषेक किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों में सफाई भी की।
इस बार बाघेश्वर धाम मे चढ़ी एक हजार कांवड़
छोटी काशी के नाम से जाना जानें वाला ऐतिहासिक बाघेश्वर धाम बाघोत मंदिर में हरियाणा के विभिन्न जिलों से लोग दर्शन करने पहुंचे। शिवभकत जब कावड़ यात्राएं लेकर बाघेश्वर धाम पहुंचे तो भक्तों ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। धाम के महंत रोशनपुरी की देखरेख में कमेटी द्वारा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस बार एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हरिद्वार सहित अन्य पवित्र स्थानों से गंगाजल लाकर भगवान भोले संकर का जलाभिषेक किया। महिपाल नंबरदार ने बताया कि मंदिर कमेटी के सदस्य महाशिवरात्रि के पर्व पर 5 दिन पहले ही व्यवस्थाओं को बनाने में लग जाते हैं। यहां शिव लिंग भगवान राम के पूर्वजों के समय से विराजमान है। मंदिर के प्रवेश में कोई जातिभेद नहीं है। हर धर्म का व्यक्ति शिवलिंग पर जलाभिषेक करता है। बाघेश्वरी धाम पर जाने वाले भक्तजन अपने साध गंगाजल, पेठा, बेलपत्र के पत्र, नारियल, केला, फल एवं फूल ले जाते हैं।
महाशिवरात्रि और व छत्रपति शिवाजी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
उपमंडल के गांव धनौंदा स्थित ब्रिलिएंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महाशिवरात्रि पर्व व छत्रपति शिवाजी जयंती पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कक्षा प्रथम से पांचवी तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं रंग भरो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। विद्यार्थियों ने भगवान शिव और छत्रपति शिवाजी के विभिन्न मुद्राओं में चित्र बनाकर एवं उनमें रंग भरकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर बाल सभा का भी आयोजन किया गया। आठवीं के यशवंत ने भोलेनाथ मेरा भजन और महामृत्युंजय मंत्र सुनाकर समां बांध दिया। इतिहास प्रवक्ता सुभाषचंद यादव ने छत्रपति शिवाजी के जीवन और कार्यों के बारे में छात्रों को विस्तार से बताया। मंच संचालन छात्रा साक्षी, छात्र मयंक ने किया। इस अवसर पर आशुतोष शास्त्री, नरेंद्र कौशिक, रेनू यादव, नवीन जांगड़ा, प्रवीण शर्मा, शन्नो देवी, पूजा, मीनाक्षी, रवीना, रिंकू, मनजीत गौड़ सहित विद्यालय के सभी अध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।