फोटो संख्या:60- उप नागरिक अस्पताल कनीना का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र आर्य--स्रोत-संवाद
कनीना। सीएमओ की बार-बार फटकार के बावजूद भी उप नागरिक अस्पताल कनीना में साफ-सफाई के हालात नहीं सुधर रहे हैं। वीरवार को अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे सीएमओ डॉ. रमेशचंद्र आर्य ने नर्सिंग अधिकारी को फटकार लगाते हुए जिम्मेदारों से स्पष्टिकरण मांगने व व्यवस्थाओं में त्वरित सुधार के आदेश दिए हैं। वहीं इस दौरान ट्रेनिंग पर आए विद्यार्थियों द्वारा एप्रन नहीं पहने के कारण उन्हें फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में लोगों की सेवा के साथ-साथ अनुशासन में रहना है।
औचक निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने एसएमओ डॉ. रेणू वर्मा को निर्देश देते हुए कहा कि अगर कोई कर्मचारी ड्यूटी में लापरवाही बरतता है तो शीघ्र इसकी सूचना दें, ताकि उसके विरुद्ध विभागीय नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। सीएमओ जब अस्पताल की दूसरी मंजिल पर जा रहे थे तो सीढि़यों पर कचरे का ढेर देखकर भड़क गए। उन्होंने नर्सिंग अधिकारी राजकुमारी को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाए।
गत आठ जुलाई को औचक निरीक्षण के दौरान भी स्टोर में कचरा व अव्यवस्था देखकर जिम्मेदारों को फटकार लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद भी हालात नहीं सुधरे। एसएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि अगर कोई कर्मचारी समय पर नहीं आता है और कार्य नहीं करता है तो उसकी शिकायत लिखित रूप से दें। साथ ही महिला एवं पुरुष की ओपीडी के अलग-अलग केबिन बनाने, अस्पताल परिसर में इंटरनेट धीमी गति से चलने पर संबंधित को आदेश दिए। इसके अलावा मरीजों को दी जाने वाली दवाओं के काउंटर पर महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग काउंटर लगाने, दवाइयों के स्टॉक उपलब्धता की लिस्ट लगाने के आदेश दिए। इस दौरान एसएमओ डॉ. रेनू वर्मा, डॉ. जितेंद्र मोरवाल, फार्मासिस्ट सत्येंद्र, नर्सिंग अधिकारी राजकुमारी मौजूद रहीं।
फोटो संख्या:60- उप नागरिक अस्पताल कनीना का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र आर्य--स्रोत-संवाद