डीसी डॉ. जयकृष्ण आभीर ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय(डीडीपीओ) का औचक निरीक्षण किया तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी वीरेंद्र सिंह को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के संबंध में दिशा निर्देश दिए।
डीसी ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी वीरेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि 30 अक्तूबर को जिला परिषद व पंचायत समिति तथा 2 नवंबर को सरपंच व पंच पद के होने वाले चुनाव के लिए सभी प्रकार की तैयारियां समय से पहले ही पूर्ण कर ली जाएं ताकि किसी प्रकार की कोई कमी हो तो उसे समय रहते पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की चुनाव कार्य में ड्यूटी लगी हुई है वे अधिकारी व कर्मचारी अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि अगर कोई कर्मचारी या अधिकारी चुनाव कार्य में लापरवाही करता है तो हरियाणा पंचायती राज अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रफीक खान के अलावा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।