फोटो नंबर-22फोगिंग करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
नारनौल। जिले में अब डेंगू की रफ्तार बढ़ती जा रही है। सोमवार को एक डेंगू का मरीज मिला था, वहीं बुधवार को चार और मरीज मिलने से जिले में 11 डेंगू मरीजों की संख्या पहुंच गई है। इसके अलावा जिले में चार मलेरिया के मरीज मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग जिन जगहों पर डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां पर फॉगिंग करवा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा घरों में तो लारवा मिलने पर नोटिस भी भेजा जा रहा है, लेकिन इसके बाद आमजन लापरवाही बरत रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की 152 टीमें घर-घर जाकर रैपिड फीवर की जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सितंबर से नवंबर के बीच संक्रमित मरीज आने की ज्यादा संभावना रहती है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को डेंगू व मलेरिया के बारे में जागरूक किया जाएगा।
सरकारी अस्पताल में निशुल्क होती है जांच
मलेरिया व डेंगू की जांच सरकारी अस्पताल में निशुल्क की जाती है। सरकार द्वारा निजी अस्पताल व लैब की निर्धारित राशि तय की हुई है।
मलेरिया के लक्षण
ठंड लगाकर बुखार आना, शरीर में दर्द, सिरदर्द व उल्टी होनी शुरू हो जाती है। हालांकि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है।
डेंगू के लक्षण
अचानक तेज बुखार, छाती व ऊपर के हिस्से में दानों का निकलना, सिर के आगे वाले हिस्सों में जोर का दर्द, शरीर के जोड़ों में दर्द आदि लक्षण दिखाई देते हैं।
जिले में मिले डेंगू व मलेरिया के मरीज
वर्ष मलेरिया मरीज डेंगू मरीज
2017 25 03
2018 22 04
2019 01 10
2020 00 07
2021 05 161
2022 03 72
2023 03 44
2024 04 11