कनीना। डीएवी शिक्षण संस्थान को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों ने संस्थान के मुख्य द्वार पर बैठक की। लोगों ने कहा कि लंबे समय से बंद पड़े संस्थान को जल्द शुरू किया जाए, ताकि आसपास के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकें।बैठक से पहले शहीदी दिवस पर लोगों ने देश के शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संस्थान को दोबारा संचालित कराने को लेकर चर्चा की गई। हरेंद्र शर्मा ने बताया कि डीएवी शिक्षण संस्थान करीब 58 एकड़ भूमि में बना हुआ है। संस्थान वर्ष 1995 में शुरू हुआ था और 2018 से बंद है। इसके संचालन के दौरान हजारों विद्यार्थियों ने यहां शिक्षा प्राप्त की। इनमें से कई विद्यार्थी आज सरकारी सेवाओं और विभिन्न निजी कंपनियों में कार्यरत हैं।ग्रामीणों ने कहा कि संस्थान दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। पिछले करीब दो माह से संस्थान को फिर शुरू कराने का अभियान चल रहा है। इस संबंध में एसडीएम कनीना, नगर पालिका प्रशासन और नगर पालिका प्रधान को ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं। संवाद