शहर से करीब दस किलोमीटर दूर स्थित गांव छापड़ा सलीमपुर की महिलाओं ने गांव में ठेका खोलने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। गांव की सरपंच एकता कुमारी के नेतृत्व में महिला एकत्रित हुई। महिलाओं ने गांव में खोले गए इस ठेके को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन कर महिलाओं ने गांव के अंदर खोले गए ठेके को तुंरत प्रभाव से हटवाने की प्रशासन से मांग की।
प्रदर्शन में गांव की पंच सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं। प्रदर्शन के दौरान छापड़ा गांव की सरपंच एकता कुमारी ने कहा कि गांव में मंदिर के पास सुराणा गांव की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर एक शराब ठेका खोला गया है। उन्होंने कहा कि जहां यह ठेका खोला गया है, वह गांव का मुख्य स्थान है। इस जगह से दिनभर महिलाएं गुजरती हैं। इसके अलावा यह ठेका मंदिर के पास है।
सरपंच ने कहा कि असामाजिक तत्व यहां शराब पीकर गलत बोलते हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस ठेके को यहां से हटाया जाना चाहिए। सरपंच ने कहा कि अगर यह ठेका यहां से नहीं हटाया गया तो हम महिलाएं अपने प्रदर्शन को ओर तेज करते हुए इसका विरोध करेगी।