महेंद्रगढ़। लघु सचिवालय महेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री के आदेशानुसार जनहित की सुविधाओं के समाधान के लिए शिविर शुरू किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी के आदेशानुसार लघु सचिवालय में सोमवार से लेकर शुक्रवार तक प्रात: 9 से 11 बजे तक समाधान शिविर शुरू किया गया है।
समाज सेवी रामनिवास पाटोदा के नेतृत्व में उपमंडल अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में महेंद्रगढ़ सब डिपो को शुरू कराने, लंबे रूटों के लिए बसों को परमिट दिलवाने की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि महेंद्रगढ़ शहर से वाया बवानियां, भोजावास, गोमला, भैरु का बांस, ऊंचा-नीचा, कुंड होते हुए दूसरे राज्य के लिए नए परमिट जैसे बहरोड़, अलवर, नीमराना, जयपुर, बालाजी, खाटुश्याम, गुरुग्राम, दिल्ली, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरिद्वार, अयोध्या शहरों के लिए नए परमिट नारनौल डिपो को जल्द दें। शहर से आज तक किसी डिपो की लंबी दूरी की बस सेवा नहीं हैं और ग्रामीण रूटों पर भी यातायात की परेशानी है। तीन सालों से बने सब डिपो को आज तक चालू नहीं किया गया। इस मौके पर नरेश, कर्ण सिंह, संदीप, होशियार, राजेंद्र, बाबुलाल सहित अन्य सामाजिक संगठनों के लोग शामिल रहे।