नारनौल। नारनौल शहर के इंदिरा कालोनी के निवासियों ने मंगलवार को एक व्यक्ति तथा 112 पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा दुर्व्यवहार करने के विरोध में कार्रवाई की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इंदिरा काॅलोनी के अमर सिंह, करतार सिंह, जगमोहन, लक्ष्मी नारायण, ओम प्रकाश, जितेंद्र, प्रदीप, रोहित, मनोज और नितेश आदि ने बताया कि दुल्हेंडी के दिन अमर सिंह के बेटे अशोक कुमार को मोहल्ले के एक व्यक्ति व उसकी पत्नी तथा उसके पुत्र ने बुरी तरह से पीटा। जब उसने तथा उसकी पत्नी ने उनसे अशोक को पीटने का कारण पूछा तो उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी तथा गाली गलौज किया। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि आरोपी ने खुद ही 112 पर फोन करके पुलिस को बुलाया तथा 112 के कर्मचारियों ने मोहल्ले के कुलदीप के बाल पकड़कर खींचे और उससे साथ दुर्व्यवहार किया। ज्ञापन में मोहल्ले के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई।