महेंद्रगढ़। शहर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने निजी अस्पताल के डाक्टर पर लापरवाही का बरतने का आरोप लगाते हुए शहर थाने में शिकायत की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव बवाना निवासी महिला के पति विरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह 10 बजे वह अपनी पत्नी सुधा को प्रसव के लिए हुड्डा पार्क के सामने बस स्टैंड रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। डॉक्टरों ने बताया कि शाम तक सामान्य प्रसव हो जाएगा। शाम को हम लगातार पूछते रहे और डॉक्टर यह बताते रहे कि चिंता की कोई बात नहीं है। रात को 9.30 बजे के बाद उसकी पत्नी की हालत खराब हो गई और डॉक्टर हमें बिना बताए खुद की एंबुलेंस से उसे लेकर रेवाड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में गए जहां पर डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की मृत्यु डॉक्टरों की लापरवाही, इलाज में लापरवाही, एंबुलेंस वालों की लापरवाही की वजह से हुई है। डॉक्टरों ने समय रहते हमें कुछ भी नहीं बताया। अंतिम क्षणों में हमें बिना कुछ बताए अपनी एंबुलेंस से ही लेकर चल दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल एवं डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना ना घटे। पुलिस ने मृतका सुधा के पति विरेंद्र के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।