नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में मृतका के पोस्टमार्टम के इंतजार में बैठे परिजन---संवाद
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़। गांव सोहला में एक विवाहिता की लाश फंदे से लटकती पाई गई। शनिवार देर शाम हुई इस घटना की सूचना पर पहुंचे भाई अमित ने ससुराल वालों पर बहन को परेशान करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला चरखी दादरी के गांव सांवड़ निवासी अमित ने बताया कि उसकी बहन प्रिया की शादी 9 मई, 2017 में अमित निवासी गांव सोहला के साथ हुई थी। प्रिया के दो बच्चे हैं जिसमें चार वर्ष का बेटा और दो वर्ष की बेटी है। अमित व उसके पिता अजीत शराब के आदी हैं। बहनोई अमित शराब पीकर प्रिया के साथ मारपीट करता था जिसके बारे में वह मुझे बताती रहती थी। ससुराल वालों को समझाया था लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो दो बार पुलिस को शिकायत दी गई थी। 13 अगस्त को बहन प्रिया ने फोन करके बताया कि अमित शराब पीकर मुझे परेशान कर रहा है। शाम 6 बजे शाम को उसकी बहन के फोन से बहनोई अमित ने कॉल कर बताया कि प्रिया की मौत हो चुकी है। इस सूचना पर वह अपने परिवार के कुछ अन्य लोगों के साथ गांव सोहला अपनी बहन के मकान पर पहुंचा तो देखा कि कमरे में पंखे के हुक से कपड़े की रस्सी से फंदा लगाकर उसकी बहन ने आत्महत्या कर रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बहन ने पति अमित, ससुर अजीत और सास शायर से परेशान होकर आत्महत्या की है। पुलिस ने रविवार को मृतका के भाई अमित के बयान पर शव को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने पति, ससुर और सास के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।