फोटो संख्या:69-कनीना में मौके पर कार्रवाई करती पुलिस--स्रोत- संवाद
कनीना। उपमंडल के गांव भोजावास में सात दिन पहले घर से बाहर घूमने के लिए निकले युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में सरसों के खेत में शव पड़ा मिला। खेत में शव की खबर सुनते ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने डायल 112 पर फोर कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर कनीना सदर थाना प्रभारी रामनाथ व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कनीना-अटेली रोड पर स्थित किसान बाबूलाल अपने खेतों में सरसों की कटाई बाहर से आए हुए मजदूरों से कटवा रहा था। मजदूर जैसे ही सड़क के किनारे के पास कटाई करने के लिए पहुंचे तो उन्हें दुर्गंध महसूस हुई। वह सड़क के नजदीक पहुंचे तो उन्हें एक व्यक्ति खेत में पड़ा हुआ दिखाई दिया। घटनास्थल पर पहुंची कनीना सदर थाना पुलिस ने छानबीन की तो युवक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई।
इसकी शिकायत 10 मार्च को विजयपाल ने पुलिस में अपने भाई के लापता होने का मामला दर्ज करवाया था। श्रवण कुमार करीब 5 साल से घिलोठ हैवेल्स कंपनी में काम करता था और करीब सात दिन पहले घर से बाहर घूमने के लिए कहकर निकला था। पुलिस ने विजयपाल के बयान पर शव का नागरिक अस्पताल में महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।