नारनौल। निजामपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम बाजरे के खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नारनौल के नागरिक अस्पताल में रखवाया दिया है। युवक की हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
गांव कारोली के रामेश्वर दयाल का खेत गांव तलोट की जमीन में है। वह सोमवार देर शाम खेत में गया तो शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद किसान ने पुलिस को सूचना दी। खेत में शव पड़े होने की सूचना आग की तरह आसपास के गांव में फैल गई। मृतक की करीब 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है। उसके हाथ भी कुत्तों ने नोच रखे थे, ऐसे में मृतक का शव दो-तीन दिन से खेत पड़ा हो सकता है। किसान 24 अगस्त को खेत में खाद डालकर गया था, उस समय खेत में शव नहीं पड़ा था। निजामपुर थाना प्रभारी गोविंद ने बताया की शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखवा दिया है अभी मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।