नारनौल। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बुधवार को लघु सचिवालय में अवैध खनन रोकने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संयुक्त टीम बनाकर फील्ड में रहें। अवैध खनन की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने जिला में चल रहे स्टोन क्रशर के भी जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पर्यावरण के सभी नियमों का पालन हो। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की सभी हिदायतों की पालना सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने बताया कि अगस्त में ओवरलोड को लेकर रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की ओर से 75 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि सभी चेक पोस्ट पर निगरानी रखी जाए। ओवरलोड वाहन किसी भी सूरत में नहीं चलने दिए जाएंगे। ओवरलोड वाहनों से न केवल जान माल का नुकसान होता है बल्कि सड़कों को भी भारी नुकसान होता है।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा, आरटीए मनोज कुमार, नगराधीश मंजीत सिंह तथा जिला खनन अधिकारी राजेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।