कनीना। पति की लंबी आयु की कामना के लिए रखा जाने वाला करवाचौथ का व्रत इस बार 1 नवंबर को मनाया जाएगा। खरीदारी के साथ पार्लर में भी बुकिंग शुरू कर दी है। त्योहार को लेकर बाजारों में अभी से काफी रौनक देखने को मिल रही है। कनीना के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, हनुमान मंदिर के सामने, बस स्टैंड के पीछे, बस स्टैंड के सामने बाजारों में कपड़े, आभूषण, पर्व से जुड़े सामान की दुकानें सज गई हैं। सुबह से शाम तक बाजारों में करवाचौथ के सामान की खरीदारी को लेकर काफी भीड़ है। कपड़े व आभूषण के साथ बाजार में आकर्षक सजावट के साथ बने करवे, पूजा की थाली, छलनी की जमकर खरीददारी हो रही है। बस स्टैंड व्यापार मंडल के प्रधान महेश बोहरा ने बताया कि कोरोनाकाल के बाद इस बार करवाचौथ पर अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। नेट की साड़ी, लाल रंग की साड़ी, नए डिजाइन के कंगन, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आभूषणों की जमकर खरीद हो रही है।
इस बार करवाचौथ पर बन रहे तीन शुभ योग
ज्योतिषाचार्य सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि इस साल करवा चौथ पर 1 नवंबर को तीन शुभ योग बन रहे हैं। शिव योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और परिघ योग में करवाचौथ मनाया जाएगा। सुबह 6:32 मिनट से सर्वार्थ सिद्धि योग की शुरुआत होगी। जो अगले दिन सुबह 4.34 मिनट तक रहेगा। वहीं 2:05 मिनट तक दोपहर के समय परिघ योग रहेगा। इसके बाद शिव योग की शुरुआत हो जाएगी। शिव योग अगले दिन तक रहेगा। करवा चौथ पर मृगशिरा नक्षत्र का निर्माण भी हो रहा है। पूजा का शुभ मुहूर्त : एक नवंबर को शाम 05:44 बजे से रात 07:02 तक, करवा चौथ पर चांद निकालने का समय रात 08:26 बजे रहेगा।
इस बार वार्ड की सभी महिलाओं ने यह निर्णय लिया है कि करवाचौथ के पर्व पर जो भी शॉपिंग करेंगे वह स्थानीय बाजार से करेंगे। स्थानीय दुकानदारों व कारोबारियों से खरीदारी के माध्यम से उनके कारोबार को बढ़ाने का प्रयास रहेगा।
-अरुणा कौशिक, नगर पालिका कनीना, पूर्व पार्षद
इस बार करवाचौथ को लेकर बाजारों में अच्छी भीड़ है। दुकानों व प्रतिष्ठानों पर घंटे भर का इंतजार करने के बाद नंबर आ रहा है। बाजार में अबकी बार रौनक अच्छी है। आमजन से भी अपील है कि जो भी खरीददारी करें वह स्थानीय मार्केट से करें, जिससे स्थानीय व्यापारियों को मुनाफा तथा आपसी तालमेल बढ़े।
-अलका गोयल, कनीना
इस बार बाजार में ज्वेलरी की दुकानों पर स्पेशल ऑफर दिए जा रहे हैं, जिसमें महिलाएं एडवांस में बुकिंग करवा रही हैं। हमने भी एडवांस में बुकिंग करवाई है। ज्वेलरी की दुकान पर अब आर्टिफिशियल चूड़ियों के भी सजावट की हुई है। साथ ही नई डिजाइनदार ज्वेलरी इस बार विशेष है।
-टीना वर्मा, गृहणी
सुहागिन महिलाओं के लिए करवाचौथ का व्रत सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन को खास बनाने के लिए चूड़ी, कंगन, झुमके, पायल, माथे का टीका सहित विभिन्न प्रकार के उत्पाद स्थानीय बाजार से खरीदे जा रहे हैं। इस बार बाजार में अच्छी रौनक है।
-मंजु यादव, अध्यापिका