नारनौल। शहर के मोहल्ला ढींढासर स्थित माता मसानी मंदिर में बुधवार को बुध्दो माता का विशाल मेले का आयोजन किया गया। सोमवार को नूनी शेखपुरा में शीतला माता के मेले के बाद दूसरा बड़ा मेला लगता है। इसमें लोग अपने बच्चों की जात लगाने के लिए आते हैं।
मंदिर में लोग जात लगाने एवं घर में एक दिन पहले बनाए गए भोजन का भोग लगाने के लिए सुबह से भीड़ रही। मेले में सुबह पांच बजे से ही माता के दर्शनों के लिए लोग घंटों लंबी लाइन में खड़े रहे। बासोड़ा पर्व को लेकर शहर के सभी घरों में मंगलवार रात को ही भोजन बना लिया जाता है और माता को भोग लगाते हैं। लोगों का मानना है कि बासोड़ा पर्व में बुध्दो माता की बच्चों को जात लगाने से उनको बचपन में होने वाले कई रोगों से निजात मिलती है। वहीं माता को भोग लगाने से घर में खुशहाली रहती है। मेले के आयोजन को लेकर कमेटी के प्रधान धीरज ने बताया कि मंदिर में दर्शन करने के लिए आने वाले भक्तों की सुविधा के सभी इंतजाम एक दिन पहले ही कर लिए गए थे। प्रधान ने बताया कि मेले को लेकर मंदिर को लाइटों से सजाया गया व रात को जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।