हरियाणा के महेंद्रगढ़-नारनौल के गांव महरमपुर के एक व्यक्ति ने आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने के नाम पर एक महिला से 5 लाख 03 हजार रुपये की ठगी कर ली। इसकी शिकायत उसने पुलिस अधीक्षक को भी दी थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत भेजी। अनिल विज के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत में गांव भूषण कलां निवासी रीना ने आरोप लगाया कि वह गांवों में जाकर फिल्ड वर्क करती है। 24 सितंबर 2021 को वह फिल्ड वर्क करने के लिए अमरपुर जोरासी निवासी उसकी सहेली के साथ महरमपुर गई थी। वहां से उसे पता चला कि इसी गांव कुलदीप पैसे लेकर आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाता है।
आरोप है कि इस दिन उसने कुलदीप से फोन पर बातचीत की। कुलदीप ने आंगनबाड़ी में नौकरी लगवान के नाम पर 7 लाख रुपये की राशि की मांग की। उसने बताया था कि उसकी पहुंच ऊपर तक है और वह उसका काम अवश्य करवा देगा। उसकी बातों में आकर उसने पैसे देने शुरू कर दिए।
अलग-अलग किस्तों में वह 5 लाख 83 हजार रुपये दे दे दिए। अंतिम बार उसने 29 अप्रैल 2022 को तीन हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि उस समय रीना ने कहा कि अब वह बाकी पैसे नौकरी लग जाने के बाद ही देगी। इस पर आरोपी कुलदीप ने धमकी दी कि बकाया पैसे भी जल्द ही दे दे नहीं तो वह पूरी राशि हड़प कर जाएगा और नौकरी भी नहीं लगवाएगा।
इसके बाद शिकायकर्ता उससे गरीब होने तथा कर्जा होने का हवाला देकर बार-बार पैसे देने के लिए आग्रह करती रही। मई 2022 में आरोपी ने उसे 80 हजार रुपये लौटा दिए। शेष 5 लाख 03 हजार रुपये की राशि अब तक नहीं लौटाई।
बार-बार फोन करने पर वह न तो फोन उठाता और मिलने पर धमियां देता रहता है। इसकी शिकायत रीना ने पहले पुलिस अधीक्षक को सितंबर माह में की थी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो गृहमंत्री अनिल विज के पास यह शिकायत भेजी गई थी। उसके बाद अब आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।