आरपीएफ नारनौल (रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स) ने रोहतक में पकड़े गए एक तार चोर गिरोह को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। इस गिरोह ने यहां के अमरपुर-जोरासी से आठ फरवरी 2016 को करीब 700 मीटर इलेक्ट्रिक कापर वायर चुराई थी। आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को सभी को अदालत में पेश किया।
रोहतक की रेलवे पुलिस ने रोहतक निवासी टीना पत्नी प्रवीण, टीना पत्नी जगदीश, शकुंतला पत्नी शमशेर,बंटी पुत्र सुरजीत व राहुल पुत्र सत्यवान को कुछ दिन पहले भिवानी, रोहतक व बवानी खेड़ा में रेलवे के विद्युतीकरण कार्य में प्रयोग होने वाली कापर वायर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस की पूछताछ में इस गिरोह ने नारनौल के जोरासी के पास भी 08 फरवरी को करीब 700 मीटर कापर वायर चुराई थी। जिसके बाद आरपीएफ नारनौल ने इन पांचों को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर नारनौल ले आई। नारनौल लाने के बाद पूछताछ में इन्होंने यहां से चोरी की वारदात को कबूला। रेलवे पुलिस के अधिकारियों के अनुसार इस गिरोह में तीन सदस्य अभी भी फरार हैं।
आरपीएफ के टीम इंचार्ज व इंस्पेक्टर रेवाड़ी बीपी सैनी ने बताया कि ये लोग जहां पर भी नई विद्युतीकरण लाइनें डाली जा रही हैं, वहां पर रेकी करते थे तथा उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में आरपीएफ अलवर के इंस्पेक्टर नरेश यादव, सीआईडी जयपुर के रंज एसआई हरिसिंह, आरपीएफ नारनौल के एसआई अजीत सिंह, मोहम्मद रफी, सतीश कुमार, भगवती देवी, प्रोमिला, उर्मिला, फुलेरी व अन्य सदस्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उक्त चोरों से चोरी की गई वायर भी बरामद कर ली गई हैं।