हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली क्षेत्र में 50 लाख की रंगदारी मांगने व फायरिंग कर ठेके से 20 हजार की नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग के अलावा तीन आरोपियों को पकड़ा है। सतनाली क्षेत्र के श्यामपुरा में संचालित शराब के ठेके में लूट की वारदात के मामले में दो आरोपियों को थाना सतनाली की पुलिस टीम ने गुरुवार शाम को सतनाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी जोगेंद्र उर्फ धोलिया की महिला मित्र को भी गिरफ्तार किया है जिसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरखी दादरी जिले के गांव धनासरी के रहने वाले संदेश और सतनाली के गांव श्यामपुरा के रहने वाले वीरेन उर्फ अरुण के रूप में की गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने गिरफ्तार आरोपी संदेश की बाइक का प्रयोग किया था। आरोपी वीरेन उर्फ अरुण ने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपियों को पुलिस की सूचना देकर उन्हें भगाने में मदद की थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
बता दें कि बुधवार शाम को ठेके पर तीन युवक हथियार के साथ पहुंचे थे। तीनों आरोपी सेल्समैन से लगभग 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे। एक आरोपी को शिकायतकर्ता ने पहचान लिया था जिसकी शिकायत सेल्समैन ने थाना सतनाली में दर्ज कराई थी। जिसने बताया कि करीब 3 बजकर 50 मिनट पर बाइक सवार तीन युवक आए और पिस्तौल निकालकर पैसे मांगने लगे।
जान से मारने की धमकी देते हुए गल्ले से करीब 20 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी जाते समय बोल कर गए कि तेरे मालिक को बता देना सतनाली में भी गोली चलाकर आया हूं। शिकायतकर्ता ने एक नामजद और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू दी। एसपी विक्रांत भूषण ने मामले में संज्ञान में लेते हुए पुलिस को निर्देश दिए कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।