गत 4 और 5 अप्रैल की रात को महिला थाना नारनौल में तैनात महिला सिपाही बबिता के मकान में घुसकर चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शोभापुर निवासी राजकुमार उर्फ मोनू है। थाना सदर नारनौल पुलिस ने उसे सोमवार रात को कादीपुरी चौक से गिरफ्तार किया है। सदर पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को नारनौल न्यायालय में न्यायाधीश मनोज कुमार की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना सदर नारनौल के प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि महिला सिपाही बबिता का शोभापुर में ससुराल है, जबकि महिला के पति फौज में तैनात है। पुलिस के रूटीन कोर्स के कारण महिला सिपाही पिछले सप्ताह अपने मकान पर ताला लगाकर मधुबन गई हुई थी। महिला सिपाही बबिता जब वापस घर आईं तो उन्होंने देखा कि उनका सामान बिखरा पड़ा है। उसने देखा कि उसके मकान की पिछली खिड़कियों से अंदर घुसकर मकान में रखे जेवरात और रुपयों की चोरी करके ले गया है। इसकी सूचना उसने थाना सदर नारनौल में दी।
बबिता ने चोरी का शक अपने ही परिवार राजकुमार उर्फ मोनू जोकि महिला सिपाही का रिश्ते में देवर लगता है पर जाहिर किया। इस पर जब पुलिस पूछताछ के लिए राजकुमार के घर पर गई तो आरोपी राज कुमार उर्फ मोनू घर से फरार हो गया। जिस कारण पुलिस का शक यकीन में बदल गया और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। जिसे प्रबंधक थाना सदर नारनौल शिव कुमार एचसी कृष्ण कुमार व एचसी जयपाल की टीम ने गत रात कादीपुरी चौक से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पूछताछ पर राजकुमार ने यह चोरी करनी कबूल की। वहीं रिमांड के दौरान आरोपी राजकुमार के घर से पुलिस ने चोरी किए आभूषण बरामद कर लिए है। थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि उक्त आरोपी के खिलाफ वर्ष 2007 से अब तक थाना सदर नारनौल व सिटी थाना नारनौल में करीब एक दर्जन चोरी के मामले दर्ज हो चुके है। जिसको पहले भी कई बार अन्य चोरियों के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस को आरोपी का अन्य चोरियों में हाथ होने का भी अंदेशा है।