हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना उपमंडल के गांव स्याणा-नौताना और चिड़िया के पास राष्ट्रीय हाईवे 152 डी ग्रीन कोरिडोर पर हुए हादसे में एक पुलिस कर्मी की मौत व दो आरोपियों सहित पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सेहलंग स्थित केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा में चोरी करने का प्रयास करने के मामले में कनीना पुलिस के द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें हरजीत उर्फ हरि निवासी पोता, रोहित उर्फ सोनू निवासी पोता को पुलिस की टीम अपने साथ लेकर निशान देही के लिए लुधियाना ले जा रही थी।
जब उनकी गाड़ी नेशनल हाईवे 152-डी पर गांव स्याणा-नौताना, चिड़िया के पास पहुंची तो कोहरा अधिक होने के कारण सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। दुर्घटना में गाड़ी में सवार चार पुलिसकर्मी व दो आरोपियों सहित लोग घायल गए।
घायलों को उपचार के लिए दादरी स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद चालक रेवाड़ी जिले के गांव नाहड़ निवासी संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो कर्मचारियों को गंभीर स्थित के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी में पुलिस स्टाफ से हरीश, ईएचसी संदीप, अमित, सिपाही राकेश, आरोपी रोहित व हरजीत सवार थे जिनमें से गाड़ी चालक संदीप को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है।
दोनों आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बैंक में चोरी करने के लिए प्रयोग में लाए गए कटर को लुधियाना से खरीदने की बात स्वीकारी थी। पुलिस द्वारा आरोपियों को पूछताछ के लिए वहां ले जाया जा रहा था।