महेंद्रगढ़ के गांव बिहाली में हुई हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को लेकर लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। विशेषकर जो लोग गांव से बाहर निकलकर अपने खेतों में सपरिवार रह रहे है। वह इस घटना को लेकर बेहद चिंतित है कि जो व्यक्ति अपने घर में सुरक्षित नहीं रह सकता वह बाहर कैसे जीवनयापन करेगा। हमलावरों द्वारा अंधाधुंध हवाई फायरिंग व तीन गोली मारकर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही एक दंपति पर डंडो से ताबड़तोड़ हमलाकर बंदूक की नोक पर आभूषण और नकदी छिन ले गए। इस घटना के शिकार हुए सुरेश ने जब प्राथमिक उपचार लेकर अपने आंगन में कदम रखे तो उसका हाल पूछने के लिए एकाएक लोगों का तांता लग गया। मंगलवार को पूर्व सीपीएस अनीता यादव भी पीड़ित परिवार का हालचाल पूछने पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे तथा जख्मी हुए लोगों का सरकारी तौर पर इलाज करवाए।
अभी भी सदमे में है सुरेश
हमलावरों की वारदात का शिकार सुरेश आज भी सदमे में है। आपबीती जब वह लोगों के सामने बताता है तो सुनने वालों लोगों की रूह कांप उठती है। सुरेश का कहना है कि वह रोजमर्रा की तरह सपरिवार आंगन में सो रहा था। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि आज की रात उसके परिवार पर इस तरह का कहर बरसने वाला है कि हमलावरों ने तो उसके परिवार को अपनी ओर से मौत के घाट उतार दिया था। वह तो शुक्र भगवान का कि वह जिंदा रह गए। सुरेश का कहना है कि हमलारवरों ने घर को चारों ओर से घेर लिया था। सोए हुए लोगों पर डंडो से ताबडतोड़ हमला करते रहे जब तक वह लगातार जारी रहे तब तक परिवार के लोग बेहोशी की हालत में जमीन पर न गिरे। भाभी सविता व भतीजे को गोली का शिकार बनाया। पीड़ित परिवार को दिलासा दिलाने के लिए ग्रामीण लगातार उसके पास पहुंच रहे है।