नारनौल में जान से मारने की नियत से पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में सदर थाना पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान प्रीतम उर्फ लोडर निवासी मोहनपुर के रूप में हुई। आरोपी को बुधवार न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आपसी कहासुनी को लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता हुक्मचंद निवासी मोहनपुर के बयान पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 28 अगस्त को रात के समय करीब 11 बजे वह अपने खेतों की रखवाली के लिए जा रहा था, अचानक से प्रीतम अपनी मोटरसाइकिल पर उसके पास आया और उसके साथ मार-पीटाई करने लगा।
इसके बाद प्रीतम ने जान से मारने की नियत से उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फिर वहां से भाग गया। शोर मचाने पर गांव का सरपंच व अन्य लोगों ने आग बुझाई और उसके बड़े परिजनों को सूचित किया।