हरियाणा के नारनौल में इम्प्लाइज कॉलोनी में दिनदहाडे़ मेगा मार्ट के सेल्समैन को बंदूक दिखाकर बाइक सवार चार नकाबपोश युवकों ने 8 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार विपरीत दिशाओं में फरार हो गए। इसकी सूचना सेल्समैन ने पुलिस व मालिक को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ रोडस्थित स्मार्ट मेगा मार्ट में कार्यरत प्रदीप शनिवार दोपहर को मार्ट के मालिक के घर से सामान खरीद के भुगतान के लिए 8 लाख रुपये की राशि लेने के लिए बाइक पर आया हुआ था।
जब वह बैग में राशि लेकर वापस बाइक से जा रहा था तो मालिक के घर से 100 मीटर की दूरी पर दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश लोगों ने उसे रोक लिया और बंदूक दिखाकर उससे बैग छीन लिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी बाइक सवार विपरीत दिशाओं में भाग गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को आसपास लगे एक सीसीटीवी में बाइक सवार भागते हुए नजर आए हैं। फिलहाल पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
नीरपुर के पास मिला खाली बैग
घटना के लगभग आधे घंटे बाद मालिक के पास किसी ने फोन कर नीरपुर के पास बैग पड़ा होने की सूचना दी। जिस बैग में राशि थी, उसमें मालिक की कोई पर्ची भी थी। किसी राहगीर ने बैग खोलकर देखा तो पर्ची पड़ी मिली और मालिक को फोन किया। बैग पूरी तरह से खाली था।