उपमंडल के एक गांव की रहने वाली एक नाबालिग लड़की की शादी उसके फूफा ने 28 वर्षीय लड़के के साथ करवा दी। नाबालिग की मां को भी शादी के बारे में पता नहीं चल पाया। जानकारी हुई तो मां ने इस शादी पर आपत्ति जता दी। बताया जा रहा है कि लड़के वालों की ओर से रुपये भी दिए गए थे। मामले को लेकर नाबालिग के रिश्तेदार और उसकी मां महेंद्रगढ़ थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। महेंद्रगढ़ पुलिस ने उन्हें कार्रवाई के लिए सतनाली पुलिस के पास जाने को कहा। इस मामले को लेकर थाने में ग्रामीणों की पुलिस के साथ बहस भी हुई। अंत में पुलिस अपने साथ नाबालिग, उसके फूफा और कथित पति को लेकर सतनाली थाने गई।
नाबालिग के चाचा विजय कुमार ने बताया कि लड़की के मां बाप भोले हैं। लड़की कक्षा आठवीं की छात्रा है। उसकी जन्मतिथि 12 जुलाई 2002 है। आरोप है कि 13 मार्च को लड़की के फूफा लड़की के घर पर आए और उसके साथ एक व्यक्ति और था। वह नाबालिग लड़की को अपने साथ बुआ के बीमार होने के बहाने से घर से ले गया। उसने बताया कि उसका लड़का आईटीआई में पढ़ने जाता है। सुबह के समय उसने लड़की को फूफा के साथ कार में बैठे देखा था और शाम के समय उसने घर पर यह बात बताई। 15 मार्च को लड़की की छोटी बहन ने उसे बताया कि उसकी बहन की शादी होने वाली है और उसकी भी जल्द ही करेंगे। यह बात सुनकर वह हक्का बक्का रह गया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। उसके बाद वे शादी के दिन ही लड़की के पिता से 18 मार्च को मिले और उन्हें लेकर थाने गए। थाने में उन्हें पता लगा कि लड़की शादी कर दी गई है। शुक्रवार की देर रात तक परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़े थे। वहीं हंगामे के दौरान कथित पति मौके से कहीं चला गया। शनिवार को पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
क्या कहती हैं नाबालिग की मां
लड़की की मां ने बताया कि उसे पता ही नहीं चला कि शादी कब और कहां हो गई और किसके शादी हो गई। लड़की का फूफा उसे यहां से अवश्य लेकर गया था।
क्या कहते हैं फूफा
लड़की के फूूफा ने बताया कि लड़की का पिता (उसका साला) गरीब है और उसको कई बार लड़की की शादी के लिए कह चुुका था। उसने बताया कि लड़का निगाह में आने पर उसने इसकी जानकारी दी थी। पिता के कहने पर शादी करवाई थी। उसने बताया कि उसके साले ने उससे कहा था कि गांव वाले यह शादी नहीं होने देंगे इसलिए उन्होंने यह चोरी छिपे से शादी करवाई है।
कथित पति बोला
कथित लड़की के पति ने बताया कि उस पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं वो सरासर गलत हैं। उसने सतनाली में शादी पूरे रीति रिवाज के साथ की है। शादी में लड़की का पिता, फूफा और बुआ भी शामिल थे जिसकी फोटो भी उनके पास है। उसे यह नहीं पता था कि लड़की की उम्र कितने वर्ष है।