आरोपी का मेडिकल करा अदालत में पेश करने जाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के महेंद्रगढ़ के गांव पाली के बहुचर्चित गुरुकुल में महिला के यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी गुरूकुल संचालक को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस द्वारा जांच के लिए गुरुकुल के कमरों को सील कर पुलिस पहरा लगा दिया है। शुक्रवार को सदर थाना प्रभारी मूलचंद व जांच अधिकारी उप निरीक्षक नीलम ने गुरुकुल पहुंचकर वहां तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की।
ग्रामीणों ने गुरुकुल के बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की मांग उठाई। वहीं गुरुकुल की गोशाला के गोवंश को सुरक्षित अन्य गोशालाओं में पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने बैठक के दौरान विचार-विमर्श किया। शुक्रवार को आरोपी संचालक कमलकांत का मेडिकल कराने के उपरांत न्यायाधीश मंजीत पाल की अदालत में पेश किया गया। न्यायाधीश ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ग्रामीण आज करेंगे पंचायत
शुक्रवार को ग्रामीणों ने गुरुकुल में बैठक कर शनिवार को पंचायत करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुकुल में बड़े स्तर पर सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा गुरुकुल संचालक इसकी आड़ में अनेक प्रकार के गैरकानूनी काम भी करते हैं। इस समय गुरुकुल में करीब छह-सात बच्चे हैं। इन सभी बच्चों को उनके परिजनों को सौंपा जाए। वहीं ग्रामीणों ने आरोपी संचालक के खातों की जांच कराने की भी मांग उठाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक कमलकांत को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है जिसके कारण पुलिस भी इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाए हुए है।
यह था मामला
पानीपत जिले के एक गांव की महिला ने गुरुकुल संचालक कमलकांत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को न्यायाशीध के समक्ष बयान दर्ज किए गए थे। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि वह गत जनवरी 2022 में गांव पाली स्थित गुरुकुल में अपना उपचार कराने व पंचगव्य औषधि का प्रशिक्षण लेने आई थी। गुरुकुल संचालक कमलकांत ने उसे कुछ दिन वहां रहने के लिए कहा।
इस दौरान खाने में कुछ दवाइयां दी गईं। जब वह बेसुध हो गई तो उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। वीडियो वायरल करने का भय दिखाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अप्रैल 2022 में जैसे-तैसे वहां से निकलकर अपने घर पहुंची। इसके बाद बार-बार फोन कर वापस आने का दबाव बनाता रहा। शारीरिक शोषण व मानसिक प्रताड़ना के बाद वह बीमार रहने लगी। बार-बार फोन से दबाव में आकर 8 जनवरी को गुरुकुल पहुंची जहां आरोपी व उसकी पत्नी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने उसे चाय पिलाई जिसके बाद आंख खुली तो वह अस्पताल में थी।
इस मामले में जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
-सिद्धांत जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़