डंपर की चपेट में आन से मंगलवार को गांव रोपड़ सराय के युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने गांव बायल की ओर जाने वाली सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम को खुलवाया।
मंगलवार की शाम करीब 4.30 बजे 17 वर्षीय सरजीत पुत्र ख्यालीराम साइकिल से गांव पाचनौता से अपने गांव रोपड़ सराय जा रहा था कि जैसे ही वह भोपिया की ढाणी के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साएं ग्रामीणों ने नया गांव से बायल जाने वाली सड़क पर शव रख जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
ग्रामीणों ने बताया कि ओवरलोड डंपरों के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। जिन पर रोक लगाने के लिए वे कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जाम की सूचना पाकर निजामपुर पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद मौके पहुंचे डीएसपी राजेश कुमार हेड क्वाटर ने ग्रामीणों को जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करने का
आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
गौरतलब है 24 फरवरी को भी नियाजलीपुर से बायल सड़क मार्ग पर डंपर की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई थी। उस समय भी गुस्साएं ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं का विरोध जताया था। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क मार्ग पर डंपर क्रेशर जोन से पत्थर, रोड़ी व बजरी आदि लेकर जाते है और समय बचाने के चक्कर में यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए तेज गति से वाहन चलाते है। इसी लापरवाही से इस सड़क पर पिछले 4 महीनों में करीब 8 से 9 दुर्घटनाएं हो चुकी है। जिसमें अनेक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके लिए ग्रामीणों ने बार-बार पुलिस प्रशासन से बायल में पुलिस चौकी स्थापित करने की गुहार लगा चुके है, लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। इस मौके पर नांगल चौधरी एसएचओ राजकरण व पुलिस चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह भी मौजूद थे।