सामान व शॉपिंग पर छूट देने के नाम पर एक व्यक्ति से 65 हजार रुपए हड़प लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शास्त्री नगर नारनौल निवासी रामेश्वर ने पुलिस में शिकायत दी है कि 18 मार्च 2023 को उसके बेटे मोहित के पास फोन आया कि आपके मोबाइल नंबर पर फ्री सामान और शॉपिंग की छूट मिल रही है। आप मेरे पास इस अकाउंट नंबर में 5530 रुपए डाल दो। उसने पहले 5530, फिर 11019, 14490, 14490, 20 हजार रुपए खाते में डलवा लिए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया है।
महिला को पिता का जानकार बताकर ज्यादा राशि खाते में डालने का झांसा देकर अज्ञात ने 48 हजार रुपए हड़प लिए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया है। नांगल चौधरी निवासी सुशीला ने पुलिस में शिकायत दी है कि 16 मार्च को उसके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके पापा की पेमेंट आई है और उसने खाते में ज्यादा राशि डाल दिए हैं। उक्त व्यक्ति ने उससे पहले 100, फिर एक हजार, 16900, 20 हजार व 10 हजार रुपए कुल 48 हजार रुपए निकलवाए। बाद में पता चला कि उक्त व्यक्ति ने फ्राड किया है। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
पिता का जानकार बताकर एक व्यक्ति को नकली मैसेज भेजकर खाते से 8 हजार रुपए निकलवा। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ग्राम पावेरा निवासी विक्रांत ने पुलिस में शिकायत दी है कि 17 फरवरी को उसकी बड़ी बहन विनीता के मोबाइल पर फोन आया और फोन पर व्यक्ति ने मेरी बहन से बोला कि आपके पापा को मुझे 12 हजार रुपए देने हैं।
उनका फोन-पे काम नहीं कर रहा है। उन्होंने बोला है कि आप मेरी बेटी के नंबर पर पेमेंट कर दो तो मेरी बहन ने बोला ठीक है आप मेरे नंबर पर पेमेंट कर दीजिए। इसके बाद उस व्यक्ति ने मेरी बहन के नंबर पर 10000 और 20000 रुपए भेजने का नकली मैसेज फारवर्ड किए और बोला कि बेटा गलती से 2 हजार रुपए की जगह मैंने 20 हजार भेज दिए है तो आप 18000 मुझे वापस भेज दो। तब मेरी बहन अपने फोन पे से 18 हजार रुपए उसको वापस करने लगी, लेकिन उसका ट्रांजेक्शन फेल हो रहा था, तब उस व्यक्ति ने बोला बेटा आप किसी ओर से पैसे ट्रांसफर करवा दो, मुझे बहुत इमरजेंसी है।
तब उसकी बहन मेरे पास आई और उसने मुझे पैसे ट्रांसफर करने को बोला। इस दौरान वो व्यक्ति भी लाइन पर था। और वो व्यक्ति बोला कि बेटा मेरा दूसरा नंबर है। आप उसी पर पैसे ट्रांसफर करवा दो। तब मैंने अपनी बहन द्वारा बताये गये उस व्यक्ति के नंबर पर 18 हजार रुपए भेज दो। उसके बाद 30 हजार रुपए का नकली मैसेज भेजा और कहा कि यह राशि भी भेज दो। इसके बाद यह राशि भी भेज दी। जब हमने खाता चेक किया तो कोई राशि नहीं आई थी और मैसेज नकली मिले। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
गहली गांव निवासी बीएसएफ से सेवानिवृत्त कर्मी से बैंक खाते की जानकारी लेकर 52400 रुपए निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गहली निवासी दारा सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह बीएसएफ से रिटायर्ड कर्मचारी हुं। एक फरवरी को मेरे मोबाइल पर एक अनजान मोबाइल नंबर से फोन आया। जिस पर उक्त मोबाइल नं. पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा मेरे से बैंक के संबंध में पूछताछ की गई।
जो कुछ देर बाद मेरे बैंक खाता से मेरे बिना जानकारी के 52400 रुपये की निकासी हो गई। मेरे द्वारा इस फ्रॉड की सूचना तुरंत 1930 पर फोन करके भी की गई व इस बारे में मेरे द्वारा बैंक को भी अवगत करवाया गया। इस पर बैंक द्वारा मेरे को इस संबंध में जांच करने बारे आश्वस्त किया गया परन्तु आज तक भी मेरे पैसे मेरे खाता मे वापिस नही आए हैं। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।