महेंद्रगढ़ में नगरपालिका अधिकारियों ने पांच हजार गज कृषि भूमि की अवैध तरीके से नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) जारी कर वैध कर दी। इस मामले में वार्ड 6 के पार्षद राजेश कुमार, वार्ड 7 के पार्षद प्रतिनिधि यशपाल, वार्ड 2 के पार्षद प्रतिनिधि चर्चित यादव, पार्षद चार के पार्षद प्रतिनिधि अश्वनी ने पुलिस अधीक्षक को अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी।
उनकी शिकायत पर जांच के बाद पुलिस ने नपा के एमई, जेई सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने जमीन मालिक हितेश को गिरफ्तार भी कर लिया है जिसको मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां पर उसको दो दिन का रिमांड मिला है।
पार्षद राजेश कुमार, पार्षद प्रतिनिधि यशपाल, पार्षद प्रतिनिधि चर्चित यादव, पार्षद प्रतिनिधि अश्वनी ने बताया कि मोहल्ला महायचान निवासी हितेश कुमार की मोहल्ले के पास ही कृषि योग्य भूमि थी। नगरपलिका अधिकारियों पर हितेश की पांच हजार गज कृषि भूमि की पांच अलग-अलग टुकड़ों में अवैध तरीके से एनडीसी जारी कर वैध करने का आरोप है। इनमें 995 गज जमीन की 20 जून व शेष जमीन की चार अलग-अलग टुकड़ों में 22 जून को एनडीसी जारी की गई। इनमें 4 जुलाई को चार की रजिस्ट्री भी हो चुकी है।
नगरपालिका पार्षद का आरोप है कि मालिक से केवल प्रॉपर्टी टैक्स लिया गया जबकि डेवलपमेंट चार्ज, गार्बेज कलेक्शन चार्ज, फायर टैक्स नहीं लिया गया। इससे सरकार को राजस्व नुकसान हुआ है। पार्षद सैनी ने बताया कि इसकी शिकायत एसपी विक्रांत भूषण को 14 जुलाई को दी गई थी। पुलिस ने एमई सोहन सिंह, जेई मनोज कुमार, मालिक हितेश, कंप्यूटर ऑपरेटर हरीश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
सचिव ने जारी किया था नोटिस
अवैध तरीके से एनडीसी जारी करने पर नपा सचिव प्रदीप कुमार ने एमई, जेई, कंप्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी किए थे। इसके बाद उन्होंने शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक, जिला नगर आयुक्त, उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़, प्रधान नगरपालिका महेंद्रगढ़ को शिकायत भेजी थी।
पुलिस ने जमीन मालिक हितेश को गिरफ्तार कर लिया है। उसको मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसको दो दिन का रिमांड मिला है।
- मूलचंद, सिटी थाना प्रभारी, महेंद्रगढ़।