हरियाणा के नारनौल शहर के एक व्यक्ति ने फर्जी अश्लील वीडियो बना कर बेटे को ब्लैकमेलिंग कर रुपये ऐंठने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है। एसपी के आदेश पर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में शहर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसका छोटा पुत्र छात्र है और व्यापार में उसका हाथ बंटाता है। पिछले कुछ दिन से वह तनाव में है। जब कारण जानने का प्रयास किया तो उसने बताया 14 जुलाई की रात उसे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आया।
उसे स्वीकार कर लिया और फिर फेसबुक पर संदेश प्रेषित करने वाले ने फोन नंबर मांगा तो उसने दे दिया। कुछ समय बाद उसके पुत्र के पास वाट्सअप वीडियो कॉल आई। काल करने वाले ने पुत्र को शौचालय में जाकर वीडियो कॉल करने के लिए कहा और जब उसने शौचालय में जाकर वीडियो कॉल का जवाब देना शुरू किया तो उसके सामने एक महिला का अश्लील वीडियो चला दिया गया और इसकी स्क्रीन की रिकॉर्डिंग कर ली।
कुछ समय बाद अश्लील वीडियो बनाकर भेजा और 2 लाख 50 हजार रुपये की मांग की। न देने पर वीडियो को फेसबुक व यूट्यूब पर चलाने और जान से मारने की धमकी दी। पुत्र ने आरोपी के बताए नंबरों 118100 व 95830 रुपये भेजे। ब्लैकमेलर 14 जुलाई से 18 जुलाई के दौरान उसके पुत्र से कुल 213930 रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।