अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली (नारनौल)।
क्षेत्र के एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक द्वारा 10वीं की छात्राओं से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। हालांकि यह मामला गत शुक्रवार का है, परंतु इसका विरोध सोमवार को हुआ। मामला जब पीड़ित छात्राओं ने अपने परिजनों को बताया तो सोमवार को ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वारा पर ताला जड़ दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के आला अधिकारी स्कूल पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्कूल का ताला खुलवाया। छात्राओं का आरोप है कि टीचर कंप्यूटर लैब में कभी उनके साथ गंदी भाषा में बात करता है तो कभी हाथ पकड़कर और चुन्नी खींचकर छेड़छाड़ करता है। पुलिस ने पीड़ित छात्राओं के परिजनों से शिकायत लेकर आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को हिरासत में ले लिया। बाद में महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
अध्यापिका और प्रधानाचार्य पर लगाया मामले को अनसुना करने का आरोप
10वीं की सात छात्राओं ने स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक कुलदीप पर गंदी भाषा का प्रयोग करने तथा छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि शिक्षक उनसे लैब में बात करते समय गंदी भाषा का इस्तेमाल करता है। इतना ही नहीं उक्त शिक्षक कभी उनका हाथ पकड़ता है तो कभी चुन्नी खींचकर छेड़छाड़ करता है। इसलिए उक्त शिक्षक को हटाया जाए। छात्राओं का कहना है कि शुक्रवार को अध्यापिका अनीता को प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति में कंप्यूटर शिक्षक की शिकायत दी थी, लेकिन मैडम ने शिकायत पर अमल करने की बजाय हमें ही इस प्रकार की बातें किसी को न बताने की बात कही। बाद में इस बारे में प्रधानाचार्य को भी बताया गया, मगर इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने शिक्षिका अनीता और प्रधानाचार्य मोतीलाल द्वारा समय पर कार्रवाई न करने पर नाराजगी जताई। वहीं, इससे नाराज होकर परिजनों ने सुबह करीब 11 बजे स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया तथा स्कूल के खिलाफ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक कांट्रेक्ट पर करीब एक साल पहले स्कूल में लगा था। जोकि अविवाहित है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्कूल में छह गांवों के करीब 450 बच्चे पढ़ते हैं, इनमें करीब 200 छात्राएं शामिल हैं।
जानकारी मिलने पर पहुंचे अधिकारी
स्कूल पर ताला जड़ने की सूचना मिलने के बाद डीएसपी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे। डीएसपी ने ग्रामीणों को समझाकर ताला खुलवाया और छात्राओं के बयान दर्ज किये। वहीं, बीईईओ मदनलाल भाटिया ने कंप्यूटर शिक्षक की शिकायत उच्चाधिकारियों को भेजकर कार्रवाई करने की अनुशंसा की। इसके बाद ही परिजन माने।
महिला पुलिस के किया हवाले
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को हिरासत में लेकर महिला पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, महिला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
शिक्षकों ने अटेली थाने में दी ग्रामीणों के खिलाफ शिकायत
भीड़ ने स्कूल की महिला टीचर के साथ भी हाथापाई की। वहीं, कंप्यूटर अध्यापक की भी भीड़ ने जमकर धुनाई कर डाली। स्कूल में कंप्यूटर अध्यापक और महिला टीचर के साथ हाथापाई करने पर अध्यापकों ने अटेली थाने में थाना प्रभारी को शिकायत दी है।
वर्जन
प्रधानाचार्य को दे दी थी शिकायत
सोमवार को प्रधानाचार्य के स्कूल में आते ही छात्राओं की शिकायत उन्हें प्रेषित कर दी थी। स्कूल प्रबंधन कोई कार्रवाई कर पाता इससे पहले गांव के लोगों ने स्कूल का माहौल खराब कर दिया। अचानक स्कूल में भीड़ आने पर माहौल बिगड़ गया।
- अनीता, टीचर।
छुट्टी होने के कारण नहीं कर पाए थे कार्रवाई : प्रधानाचार्य
छात्राओं ने शुक्रवार को मैडम अनीता को अपनी शिकायत दी थी, शनिवार को अवकाश पर होने और रविवार की छुट्टी के कारण मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया। सोमवार सुबह को कंप्यूटर टीचर के खिलाफ कार्रवाई अमल में ला दी गई थी।
- मोतीलाल, प्रधानाचार्य।
विभाग ने की कार्रवाई
टीचर के खिलाफ शिकायत आने पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। ग्रामीणों को कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए था। स्कूल प्रशासन अगर कार्रवाई नहीं करता है तो ग्रामीणों को संबंधित उच्चाधिकारियों को शिकायत देनी चाहिए थी।
- मदनलाल, बीईईओ, अटेली।
वर्जन
छात्राओं के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ 10 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- मीनाक्षी, महिला थाना प्रभारी, नारनौल।