पुलिस ने पांच जगहों पर छापेमारी कर जुआ खेलते 11 लोगों को पकड़ा
- आरोपियों के पास से करीब 29 हजार रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। पुलिस ने वीरवार की देर शाम पांच जगहों पर छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 10 लोगों को पकड़ा। आरोपियों के पास से करीब 29 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने वीरवार को शहर में कई जगहों पर छापेमारी की। सिटी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल नरेंद्र को सूचना मिली थी कि पुरानी मंडी में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर बैठकर जुआ खेल रहे हैं। पुरानी मंडी से प्रेमचंद्र व राज कुमार को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। दोनों से 4750 रुपये बरामद हुए। दूसरे मामले में एसआई राज कुमार ने छिप्पी होटल के पास छापेमारी की। पुलिस की टीम ने शंकर, चरण सिंह, राम निवास व हंसराज को जुआ खेलते काबू किया। आरोपियों से 10,140 रुपये बरामद हुए। तीसरे मामले में एएसआई हरि किशन ने पुरानी कचहरी के पास छापेमारी की। वहां पर पुलिस की टीम ने भीम सिंह व मुंशी को गिरफ्तार किया। उनके पास से 10,750 रुपये बरामद हुए। एएसआई रामेश्वर ने जल महल के पास से नरेश कुमार व नरेश को गिरफ्तार कर उनके पास से दो हजार रुपए बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने मानक चौक से दलीप व सुनील को गिरफ्तार पर उनके पास से मौके पर 2140 रुपये बरामद किए। पुलिस पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।