अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगर पालिका की चेयरपर्सन के पति व पार्षद सुरेंद्र उर्फ बंटी ने शहर थाना में एक शिकायत देकर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, उनके पुत्र गौत्तम शर्मा, डीएसपी महेंद्रगढ़ सत्येंद्र सिंह समेत एक महिला पार्षद, उसके पति तथा नपा के उपप्रधान के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। सुरेंद्र बंटी का आरोप है कि तीन जनवरी को गिरफ्तारी के बाद उप नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया। मेडिकल कराने के बाद वापस लाते समय डीएसपी के इशारे पर मुझे डंडों से पीटा और गालियां दी। इसकी जांच राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारी या सीबीआई से कराकर उनके परिवार की रक्षा की जाए।
शहर थाना में दिए गए शिकायत पत्र में प्रधान रीना बंटी के पति सुरेंद्र बंटी ने कहा कि उनकी पत्नी रीना बंटी नगर पालिका की निर्वाचित चेयरपर्सन हैं। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा एवं उनके पुत्र गौत्तम शर्मा उपप्रधान रमेश बोहरा, पार्षद बबीता सैनी व उनके पति जयविंद्र सैनी रीना बंटी को हटाकर रमेश बोहरा को प्रधान बनाना चाहते हैं। इसलिए शिक्षामंत्री ने उपायुक्त पर दबाव बनाकर इस्तीफा दिए गए तीनों पार्षदों का पिछली डेट में इस्तीफा दिखाकर प्रधान रीना गर्ग के खिलाफ आठ मार्च 2018 को अविश्वास प्रस्ताव ला दिया। जिसमें प्रधान रीना गर्ग ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया। स्टे से आहत होकर शिक्षामंत्री, गौत्तम शर्मा, बबीता सैनी, जयविंद्र सैनी व उपप्रधान रमेश बोहरा ने डीएसपी सत्येंद्र दहिया से मिलकर हम पर षड्यंत्र के तहत बार-बार झूठी एफआईआर दर्ज करा रहे हैं।
आरोप लगाया कि दो जनवरी को दोबारा जयविंद्र सैनी अपनी पत्नी बबीता, रमेश बोहरा व अन्य के साथ प्रधान के कार्यालय में आ गए। मोबाइल से सरकारी काम की रिकार्डिंग करनी शुरू की। पुलिस ने जयविंद्र सैनी व बबिता सैनी व अन्य पर एफआईआर दर्ज कर ली थी। जिससे खफा होकर मंत्री व उसके पुत्र ने रमेश बोहरा से साजबाज होकर अगले ही दिन उसके व उसकी पत्नी पर झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। इस झूठी शिकायत के खिलाफ हम दोनों जब थाने गए तो डीएसपी ने हमारी एक न सुनी तथा उल्टा हम दोनों पर 107-51 का मामला दर्ज करा दिया। रात को हमारा मेडिकल उप नागरिक अस्पताल में कराया। रात को मेडिकल कराने के बाद वापस लाते समय डीएसपी के इशारे पर मुझे डंडों से बुरी तरह पीटा और गालियां दी।
शिकायत में लिखा है कि उक्त डीएसपी महेंद्रगढ़ में ही होने के कारण शिक्षा मंत्री, उनका पुत्र, पार्षद व उपप्रधान साजबाज होकर मेरे व मेरी पत्नी के खिलाफ लगातार झूठे मुकदमे दर्ज करा रहे हैं। इसलिए शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, उनके पुत्र गौत्तम शर्मा, पार्षद बबिता सैनी, जयविंद्र सैनी, उपप्रधान रमेश बोहरा व डीएसपी सत्येंद्र दहिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। इसकी जांच राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारी या सीबीआई से कराकर उनके परिवार की रक्षा की जाए।
वर्जन
मैं किसी को क्यों पिटवाऊंगा। थाने में काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। वहां की सीसीटीवी रिकार्डिंग निकाल कर जांच करा ली जाए। अगर मेरा कहीं किसी तरह का दोष मिला तो कानून अपना काम करेगा। लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति शिकायत दे सकता है।
- सतेंद्र कुुमार, डीएसपी, महेंद्रगढ़