जलमहल में नहाने उतरे युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जल महल में भरे पानी में नहाने उतरे एक युवक की सोमवार सुबह डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को दमकलकर्मियों की सहायता से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। गांव मुकुंदपुरा का 20 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र बेगराज अपने दोस्त विकास के साथ सोमवार सुबह करीब दस बजे नारनौल की मंडी में खल आदि लेने आए थे। जल महल में भरे पानी को देखकर दीपक नहाने के लिए उतर गया। उसे तैरना आता था। इसलिए वह पानी में कूद गया। विकास को तैरना नहीं आने के कारण वह जल महल की पेड़ी पर नहाने लगा। दीपक ने जलमहल को एक बार तैरकर पार कर लिया, लेकिन जब वह दोबारा तैर कर पार कर रहा था तो बीच रास्ते में उसकी सांस फूल गई और वह डूबने लगा। आसपास कोई अन्य नहीं होने के कारण दीपक को बचाने के लिए कोई उपलब्ध नहीं था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जलमहल के पानी से निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया।