अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। खनन विभाग ने गांव कपूरी के सरपंच पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। सरपंच पर उपमंडल में नाजायज रूप से मिट्टी का खनन करने के आरोप था।
कपूरी के ग्रामीण रामस्वरूप सिंह, कंवर सिंह पूर्व उपसरपंच, राजपाल, मेनपाल, ईश्वर सिंह, पूर्व सरपंच धर्मपाल, हिम्मत सिंह, विक्रम सिंह, दलीप सिंह, सत्यवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने इस बात की लिखित शिकायत जिला खनन अधिकारी को भेजी थी। इसमें गांव के सरपंच सतपाल पर नाजायज रूप से गोचर भूमि से जेसीबी मशीनों से मिट्टी का खनन कर बेचने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला खनन अधिकारी राजेश सांगवान ने मौका मुआयना कर जेसीबी को पकड़ा और उस पर 20 हजार रुपये जुर्माना लगाकर उसे थाने में बंद करवा दिया।
गांव के सरपंच सतपाल सिंह ने फोन पर बताया कि पंचायत को कपूरी से ककराला वाले रास्ते में मिट्टी का भराव करना था। इसका कार्य जेसीबी से होना था। जेसीबी चालक ने अज्ञानतावश गोचर भूमि से मिट्टी उठाकर रास्ते को लेवल कर दिया। इसे विभाग ने अवैध खनन माना है। इस मामले में खनन विभाग ने जेसीबी पर 20 हजार का जुर्माना लगा दिया।
कपूरी गांव में अवैध खनन कि शिकायत मिली थी। विभाग की टीम मौके पर पहुंचे तो जेसीबी चालक राहुल गोचर भूमि से अवैध रूप से मिट्टी उठाता मिला। उसे हमने मौके से जेसीबी सहित काबू कर लिया। जेसीबी को कनीना थाने में खड़ा करवा दिया है। विभाग के नियमों के तहत जेसीबी चालक पर अवैध खनन के आरोप में 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। सरपंच से स्पष्टीकरण मांगा है।
- जिला खनन अधिकारी राजेश सांगवान