अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। ट्रेन की चपेट में आने से शहर में रह रहे प्रवासी युवक की बुधवार रात को मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजकुमार पुत्र मलखान (25) निवासी गांव राजपुरा (मध्यप्रदेश) की रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे सीकर से रेवाड़ी जाने वाली ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के साले बलदेव ने बताया कि रात को हम सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। वह शौच के लिए पटरी को पार कर रहा था, तो ट्रेन की चपेट में आ गया। रात को सवा बजे के लगभग आसपास केे लोगों ने राजकीय रेलवे पुलिस को सूचित किया। राजकीय रेलवे पुलिस के एएसआई अभय सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को शवगृह में रखवा दिया। वीरवार को पुलिस ने मृतक के साले बलदेव के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।