बंद मकान से हजारों रुपये की चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सिंघाना रोड पर स्थित केशव नगर गली नंबर दो में अज्ञात चोरों ने बंद मकान से नकदी और हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी का पता बुधवार को तब चला जब गुरुग्राम गए परिवार के सदस्य घर लौटे। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। केशव नगर गली में रहने वाले शिवकुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गुरुग्राम में रहते हैं। महीने में एक या दो बार वे केशव नगर में घर की देखभाल के लिए आते हैं। बुधवार को भी वे यहां आए थे। उन्होंने घर का ताला खोला तो देखा कि मुख्य द्वार को छोड़कर अंदर सारे के सारे ताले टूटे हैं और घर का सारा सामान बिखरा है। देखा तो अलमारी के अंदर रखेे 14 हजार रुपये नकद गायब थे। हजारों रुपये का अन्य सामान भी चोरी हो गया था।