अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
गांव भांडोर ऊंची में जनवरी माह में कूड़ा डालने के लिए हुए दो पक्षों में आपसी झगड़े में लीला राम की मौत हो गई थी। उसी मामले को लेकर पुलिस ने डुलाना चौक से आरोपी पुष्पा, कमलेश एवं राहुल को गिरफ्तार किया है। तीनों को मंगलवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में दो आरोपी सौरभ और दीपक पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
बता दें कि 31 जनवरी को गांव भांडोर ऊंची में खाली खेत में कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया था। पीड़ित पक्ष ने कूड़ा डालने से मना किया तो आरोपी पक्ष के पुष्पा, कमलेश, राहुल, सौरभ, दीपक एवं मान सिंह ने उन पर लाठी, डंडों एवं जैली आदि से हमला कर दिया। इससे दीपक, लीलाराम, बालू, नवीन, विकास, रामरती घायल हो गए थे। घायलों में लीलाराम ने रेवाड़ी निजी अस्पताल में घटना के दो दिन बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मृतक के भतीजे दीपक के बयान पर उक्त आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था।
वर्जन:
पुलिस ने सोमवार को डुलाना चौक से उक्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आज उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
- एएसआई, गुणपाल, जांच अधिकारी