खातौली में युवक ने लगाया फंदा
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव खातौली अहीर में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी ने बताया कि शनिवार को खाना खाकर उसका पति 23 वर्षीय पंकज और वह छत पर बने कमरे में सोने गए थे। देर रात पंकज को पेट में तेज दर्द हुआ। इसके चलते वह अपने परिवार के सदस्यों को बुलाने के लिए नीचे चली गई। परिवार के सदस्यों को लेकर छत पर बने कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पंकज का शव रस्सी से बने फंदे से झूल रहा था। इसके बाद परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। रविवार को सुबह मृतक की पत्नी के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।