अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। गांव जाटवास में लूट के मामले में आरोपी को पकड़ने आई राजस्थान पुलिस पर आरोपी के परिजनों ने हमला बोल दिया। साथ ही पकड़े गए आरोपी को छुड़वाकर भगा दिया। हमले के दौरान दो पुलिस कर्मचारियों को चोट भी आई। पुलिस ने आरोपी के परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
जिला झुंझुनूं बुहाना थाने के हवलदार रणधीर सिंह ने बताया कि गांव जाटवास निवासी टीटू उर्फ संदीप के खिलाफ साल 2015 में बुहाना थाने में लूट का मामला दर्ज किया गया था। जोकि भगोड़ा घोषित है। उन्होंने बताया कि उनको सूचना लगी थी टीटू उर्फ संदीप अपने घर जाटवास पर है। इस दौरान वह, सुनील, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, वीरेंद्र उसको पकड़ने के लिए उनके घर पहुंचे थे। जब वो जाटवास उसके मकान पर पहुंचे तो पता चला की टीटू उर्फ संदीप अभी-अभी अपने घर से निकला है तो उनकी टीम आरोपी की तलाश करते करते गांव में मकान गजराज के घर पहुंचे। जहां पर आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा जिससे उसको कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया। जब पुलिस उसे अपने साथ ले जाने लगी तो इतने में गजराज और टीटू उर्फ संदीप की मां शांति और इसकी दोहती प्रवीण तथा 5-7 अन्य लोगों उन पर ईंट पत्थरों से हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट भी की। आरोपी संदीप भी छुड़वाकर उनको मारने लगा। उन सभी ने मिलकर आरोपी को छुड़वाकर भगा दिया। वह और उसके साथी अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। इसकी शिकायत उन्होंने महेंद्रगढ़ थाने में दी है। महेंद्रगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।