नारनौल। डीसी व जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स कमेटी की चेयरमैन डॉ. गरिमा मित्तल के निर्देश में अवैध खनन करने वालों पर सख्ती हो रही है। गत दिवस खनन विभाग की टीम ने गांव नांगल कालिया में नदी क्षेत्र में अवैध खनन करते एक जेसीबी मशीन को जब्त किया। इस दौरान दो ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आरोपी फरार हो गए।
खनन अधिकारी नीरज ने बताया कि गत दिवस खनन विभाग के निरीक्षक ओमदत्त, गार्ड मोहन, हेड कांस्टेबल सोमबीर व कांस्टेबल रामबीर क्षेत्र में निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रात लगभग 1.30 बजे गांव नांगल कालिया में एक जेसीबी व दो ट्रैक्टर से अवैध खनन का काम हो रहा था। टीम को देखकर दोनों ट्रैक्टर के चालक ट्रैक्टर सहित मौके से भाग गए। जेसीबी को पकड़ने लगे तो जेसीबी का ड्राइवर उसे छोड़कर भाग गया। टीम जब जेसीबी को थाने में ले जाने लगी तो रास्ते में गांव के कुछ अज्ञात लोगों ने रास्ता रोककर चाबी छीनने की कोशिश भी की। इस पर उन्होंने पीसीआर को बुलाया। इसके बाद ग्रामीण भाग गए। टीम ने उक्त जेसीबी को जब्त कर लिया है। नीरज ने बताया कि इस कार्य के लिए डीसी ने एडीसी विक्रम सिंह को नोडल अधिकारी बनाया हुआ है। उनके निर्देशन में खनन विभाग की टीम लगातार औचक निरीक्षण कर रही है।