नारनौल। मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान दस दिन बाद मौत हो गई। पुलिस ने मारपीट की धाराओं के साथ हत्या की धारा जोड़कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विष्णु सैनी ने 16 जून को जन्मदिन पार्टी पर मोहल्ला दयानगर में दी थी। इसमें भूपेश समेत अन्य दोस्त शामिल हुए थे। जहां डीजे विवाद पर भूपेश की शिवदयाल, मोनू, पंकज समेत अन्य से विवाद हो गया था। इसी दौरान इन लोगों ने भूपेश व एक अन्य युवक की जमकर पिटाई कर दी। घायल भूपेश व उसके दोस्त को नारनौल सामान्य अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां भूपेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन घायल को जयपुर लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान 26 जून की सुबह भूपेश की मौत हो गई। पुलिस ने जयपुर में ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों पर मारपीट के साथ हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई शुरू कर दी है।