पुलिस चौकी से 20 कदम दूर छह दुकानों से चोरी
लाखों की नकदी और सामान चुरा ले गए, गुस्साए दुकानदारों ने लगाया जाम
-दुकानों के ऊपर बने गेटों से आया चोर, डेढ़ साल पूर्व भी इसी प्रकार की थी चोरी
फोटो नंबर एक से 10
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर की ओल्ड पुलिस चौकी से महज 20 कदम की दूरी पर सबसे व्यस्ततम पुल बाजार के पास सब्जी मंडी की ओर छह दुकानों से चोर बुधवार की रात लाखों की नगदी और सामान चुरा ले गए। करीब डेढ़ साल पहले भी इसी तरह चोरी को वारदात को अंजाम दिया गया था। इस घटना के विरोध में दुकानदारों ने वीरवार को लगभग पांच घंटे तक जाम लगाया।
चोरों ने पुल बाजार के पास सब्जी मंडी की ओर जाने वाले बाजार में छतों पर बने दरवाजों को तोड़कर दुकानों में प्रवेश किया। चोरों ने एक छत से दूसरी छत पर कूदकर लगातार छह दुकानों में चोरी की। बताया गया है कि इस दौरान पुलिस गश्त कर रही थी, लेकिन वारदात का पता नहीं चला। दुकानदार के अनुसार, चोरों ने पुल बाजार स्थित चौधरी गारमेंट और शू पैलेस से करीब 25 हजार रुपये नकद के अलावा ब्रांडेड कपड़े व हजारों रुपये के जूतों पर भी हाथ साफ कर दिया। दुकानदार पम्मी चौधरी के अनुसार चोरों ने यहां पर केवल ब्रांडेड सामान पर ही हाथ साफ किया। कपड़ों के थोक विक्रेता मेहरचंद शंकरलाल के यहां पर करीब दो लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शंकरलाल ने बताया कि करीब पौने दो लाख रुपये तकाजे के रात को नौ बजे ही आए थे, जिन्हें वे सुबह बैंक में जमा कराने के लिए दुकान में ही छोड़ गए थे। इसके अलावा 20 हजार रुपये की नकदी व पांच हजार रुपये का गोशाला का चंदा भी चोर चुरा ले गए। इन दो दुकानदारों के अलावा चोरों ने कपड़ों के विक्रेता रामशरण विजय कुमार के यहां से करीब पांच हजार रुपये, हर्ष टेक्सटाइल के यहां से ढाई हजार रुपये की नगदी, सुभाषचंद्र इलेक्ट्रिक स्टोर से छह हजार रुपये और बंसल पेंट के यहां से करीब 15 से 16 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर ले गए। चोरों ने चौधरी गारमेंट की तीसरी मंजिल पर रखे फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक भी निकालकर पी। बताया गया है कि चोर चौथी मंजिल तक भी लट्ठों के सहारे आसानी से चढ़ गए। वहीं से वे सामान भी चुरा कर ले गए। चोरों ने जूते निकालकर उनके डब्बों को वहीं छोड़ दिया।
अप्रैल 2015 को 17 दुकानों में हुई थी ऐसे ही चोरी
चोरों ने बिल्कुल इसी अंदाज में 28 अप्रैल 2015 को इन दुकानों के अलावा इनके आसपास की कुल 17 दुकानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से पुलिस ने कई दिनों तक चोरों का सुराग लगाने की कोशिश की, पर पुलिस के हाथ अभी तक खाली ही हैं।
कोई भी दुकानदार रात को नहीं चलाता सीसीटीवी
शहर में कोई भी दुकानदार रात को सीसीटीवी नहीं चलाता है। इस कारण पुलिस के सामने चोरों को पकड़ने के लिए बड़ी चुनौती है। दुकानदारों का कहना है कि वे लाइन कट करके ही दुकान से जाते हैं, क्योंकि पहले कई बार दुकानों में शार्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं चोरों ने मेहरचंद शंकरलाल की दुकान में लगी सीसीटीवी की पलक बाहर निकाल दी।
बैंकों में जाकर ली सीसीटीवी फुटेज
दुकानों में सीसीटीवी फुटेज न होने के कारण पुलिस ने पास स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स व पंजाब नेशनल बैंक में जाकर रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक की सीसीटीवी फुटेज को पेन ड्राइव में डलवाकर कब्जे में लिया।
व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। पुल बाजार नारनौल की 6 दुकानों में हुई चोरियों को लेकर व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुस्सा है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल एवं व्यापारी नेता किशन चौधरी के नेतृत्व में मानक चौक के पास 3 घंटे तक धरना दिया।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन किशन चौधरी एवं हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने व्यापारियों से कहा कि 2015 में पुल बाजार पर 17 दुकानों में एक साथ चोरी हुई थी। इसमें व्यापारियों को कई लाखों रुपये का नुकसान हुआ। मगर चोरियों का सिलसिला रुकने के बजाय बढ़ता ही चला गया। 2016 में 20 लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए गए। बैटरी की दुकानों में लगभग 15 लाख रुपये की चोरी हुई। इसके अलावा पुल बाजार पर सीताराम मंदिर में ठाकुर जी की 400 वर्ष पुरानी दुर्लभ मूर्तियां चोरी हुईं। उनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये की कीमत आंकी गई।
वर्ष 2017 में भी चोरी की कई वारदात को अंजाम दिया गया। लाइट एंड आर्ट दुकान में 7 लाख रुपये के मोबाइल चोरी, जैन मंदिर में 300 साल पुरानी दुर्लभ मूर्तियों की चोरी शामिल है। व्यापार मंडल के नेताओं ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज देने के बाद भी पुलिस प्रशासन चोरों को पकड़ने में नाकाम रहा है। इससे शहर नारनौल का व्यापारी दहशत में है। व्यापारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 1 सप्ताह में पुलिस प्रशासन चोरी का सुराग नहीं लगा पाया तो शहर के व्यापारी आगे की रणनीति बनाकर धरना प्रदर्शन व अपने प्रतिष्ठान बंद कर रोष जताएंगे। इस मौके पर व्यापारियों ने उप पुलिस अधीक्षक बलजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस पर उप अधीक्षक ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए एसआईटी गठित की जाएगी। उन्होंने शहर में गश्त बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। इस पर व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया व दुकानें खोलने की घोषणा की। इस मौके पर सर्राफा यूनियन के प्रधान श्रीराम सर्राफ, रिटेल क्लाथ मर्चेंट के प्रधान नीरज संघी, पूर्व नगर पार्षद दयानंद सोनी, शहरी प्रधान सुदर्शन बंसल, जिला महासचिव संदीप नुनीवाला, मोबाइल यूनियन के प्रधान सरदार सुरजीत सिंह अरोड़ा, शहरी महासचिव संजय गर्ग व उप प्रधान सीताराम सर्राफ आदि ने धरने को संबोधित किया। इस मौके पर पम्मी चौधरी, संजय बजाज, शंकर लाल, विनोद सर्राफ, रामबाबू हलवाई, जुगेंद्र बजाज, महीपाल जैन, संदीप संघी रेडिमेड, ओमप्रकाश तायल, पवन सोनी, राहुल चौधरी, महेंद्र संघी आदि व्यापारी मौजूद थे।
-----
चोरी की वारदात का पता लगते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। व्यापारियों की मांग को देखते हुए रात को बाजार में गश्त बढ़ा दी जाएगी। वहीं चोरों को पकड़ने के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है।
-बलजीत सिंह, डीएसपी, नारनौल