अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। कारोली-मारोली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गांव मूलौदी निवासी सोनू की मंगलवार रात मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के डेड हाउस में रख दिया। खोजबीन करने के बाद भी परिजनों का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने अज्ञात शव समझ पोस्टमार्टम शुरू करा दिया। इसी दौरान सोनू के परिजन मौके पर आ गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार सोनू दो दिन से घर से गायब था। परिजन भी उसे खोज रहे थे। सोनू मंदबुद्धि होने के कारण यहां वहां घूम रहा था। गांव मारोली में सोनू को मंगलवार देर शाम देखा गया था। देर रात किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।