अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सर्दी शुरू होते ही जिले में पशुधन चोरी की वारदात बढ़ती जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र में भैंस चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार देर शाम अपने आवास पर डीएसपी, थाना प्रभारी और चौकी इंचार्जों की बैठक ली।
बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र में भैंस चोरी की वारदात होगी। उस क्षेत्र से संबंधित एसएचओ की जवाबदेही तय होगी। इस कारण अब हर रात को इंचार्ज भी गश्त पर रहेंगे। इसके अलावा हर क्षेत्र में रात व दिन के समय पुलिस नाका भी लगाया जाएगा। जिसकी रिपोर्ट प्रतिदिन देनी होगी। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि किसी भी थाना में दरखास्त पेंडिंग नहीं होनी चाहिए। केसों के चालान जल्द से जल्द अदालत में पेश किए जाए। थाना या चौकी में जो भी शिकायतकर्ता आता है। उनसे सहनशीलता से बातचीत कर उसकी पूरी संतुष्टि करें। अक्सर देखने में आता है कि शिकायतकर्ता की शिकायत पेंडिंग होती है और उनके कार्यालय तक पहुंचते है। ऐसा नहीं होना चाहिए। पेंडिंग मामले को लेकर उनके पास कोई आता है तो संबंधित थाना इंचार्ज जिम्मेवार होगा।
एसपी ने कहा कि सर्दी के मौसम में भैंस चोर सक्रिय हो जाते है। ऐसे में ग्रामीणों को भी ठीकरी पहरा लगाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही संबंधित थाना प्रभारी भी अपने एरिया में रात को गश्त पर रहे। अगले दिन रोजाना एसपी कार्यालय में रातभर गश्त की रिपोर्ट जमा करवाएं। किसी भी सूरत में पशुधन चोरी की वारदात नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर जिलेभर के डीएसपी, थाना एसएचओ व चौकी इंचार्ज मौजूद रहे।