अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। बखरीजा खदान के कारिंदों पर वीरवार की शाम सात बजे बदमाशों ने मारपीट करने के बाद फायरिंग कर दी, जिसमें चार कारिंदे घायल हो गये। जिसमें एक की हालात गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
जानकारी के मुताबिक बखरीजा पत्थर खदान नंबर दो पर तैनात कोलकाता निवासी उत्तम शर्मा खदान श्रमिकों सोनू उर्फ संजीत मिश्रा बलिया उतर प्रदेश, दिनेश दुल व मनोज निवासी जींद के साथ इनोवा गाड़ी में बिगोपुर स्थित मकान पर खाना खाने जा रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे राजस्थान नंबर की स्कॉर्पियो व हरियाणा नंबर की बोलेरो गाड़ी में सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी की घेराबंदी करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद चारों कारिंदों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें उत्तम शर्मा का एक हाथ व पैर टूट गया। दिनेश, सोनू, मनोज को भी गंभीर चोटें लगी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए नारनौल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उत्तम की हालत नाजुक होने पर परिजन उसे जयपुर ले गए।
एएसआई विरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल दिनेश (पीएसओ) के पास लाइसेंसी पिस्टल था। लेकिन उसका प्रयोग नहीं किया। अभी तक जांच में फायरिंग की बात सामने नहीं आई है। पहली नजर में मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पीड़ितों की शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरी घटना से क्षेत्र में दहशत को माहौल है। बताया जा रहा है कि पीड़ितों पर हमला वर्चस्व की लड़ाई को लेकर है। उनका चार नंबर खदान को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। चार नंबर खदान पर कब्जा लेने के लिए माइनिंग विभाग तक शिकायत की थी।