अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। पहली बार जनता दरबार लगाने महेंद्रगढ़ थाने में पहुंचे एसपी विनोद कुमार ने एसएचओ की कुर्सी पर बैठकर तीन घंटे में 30 शिकायतें सुनीं। उन्होंने कहा कि अब हर सप्ताह यहां आकर समस्याएं सुनेंगे। लूट की घटना को लेकर पहुंचे प्रतिनिधि मंडल से एसपी बोले ऐसे केस केस में समय तो लगता है। आप मुझे समय दो। सुबह करीब 11 बजे एसपी का दरबार शुरू हुआ।
व्यापारी बृजलाल के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल एसपी से मिला। बृजलाल ने कहा एसपी साहब छह दिन हो गए अब तक लुटेरे नहीं पकड़े गए। हमने तो सीसीटीवी फुटेज भी दी हैं। आप कोई कार्रवाई कराओ। एसपी बोले लूट के केस में समय लगता है। कनीना की वारदात को हल करने में हमें एक साल का समय लगा। आप थोड़ा समय दो। हम आरोपियों को जरूर पकड़ लेंगे। अपने पुराने सभी नौकरों की लिस्ट हमें दे दो। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि अब सप्ताह में एक दिन महेंद्रगढ़ आएंगे। फिलहाल सप्ताह का दिन तय करना मुनासिब नहीं है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए 30 होमगार्ड मिले हैं। 212 एसपीओ भी जल्द ही मिल जाएंगे। महेंद्रगढ़ में जल्द ही शहरी थाना के लिए मंजूरी मिल चुकी है। दो सप्ताह में इस पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
विवादित टिप्पणी करने वाले पर दर्ज हो केस
माहिचान मोहल्ला निवासी जगदीश ने फेसबुक पर चमारों, जाटों, यादव सहित अन्य जातियों पर लखनऊ से विवादास्पद टिप्पणी करने वाले आशुतोष शर्मा पर केस दर्ज कराने की मांग की। जगदीश बोले एसपी साहब 27 नवंबर 2018 को शिकायत दी थी। अब तक केस दर्ज नहीं किया गया।
एफआईआर की जांच कराएं : कोथल कलां सरपंच
कोथल कलां के सरपंच परमजीत बोले एसपी साहब मेरे खिलाफ गांव के एक व्यक्ति ने झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। जिस विवाद में एफआईआर कराई गई है, पंचायत ने उसकी वीडियोग्राफी भी करा रखी है। इस मामले में डीएसपी से जांच कराकर न्याय दिलाओ।
पांच साल पहले फसल चोरी करने वालों पर दर्ज हो केस
गांव खुड़ाना निवासी धन सिंह ने कहा साहब 25 मार्च 2013 को मेरी सरसों चोरी की गई थी। छह एकड़ में सरसों की फसल को चोरी कर ली थी। पांच साल में आज तक आरोपियों पर चोरी की एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
सुखविंद्र के हत्यारोपी गिरफ्त से बाहर
गांव भांडोर ऊंची निवासी राजबाला ने कहा एसपी साहब मेरे बेटे सुखविंद्र पर 18 जनवरी को हमला किया गया था। 30 जनवरी को मेरे बेटे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हत्या के चार आरोपियों में से अब तक केवल एक को ही गिरफ्तार किया गया है। अन्य को भी गिरफ्तार कराओ।
भाई के लिए मांगा न्याय
नांगल हरनाथ निवासी जितेंद्र अपने चचेरे भाई यशपाल के लिए न्याय मांगने पहुंचे। जितेंद्र बोले एसपी साहब यशपाल बिजली निगम में डीसी रेट पर शिफ्ट अटेंडेेंट था। उसे अधिकारियों बिजली लाइन बंद होने की बात कहकर करंट वाली लाइन पर चढ़ा दिया। जिसमें उसकी मौत हो गई। आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई करो। ---------------------
खुड़ाना निवासी 92 वर्षीय छोटूराम बोले एसपी साहब मेरा भतीजा मुझे परेशान कर रहा है। मेरी पत्नी के जेवर व 1.5 लाख रुपये भतीजा लेकर अहमदाबाद चला गया। वह वहां से लगातार अपील दायर कर परेशान कर रहा है। मुझे न्याय दिलाओ।
---------------------
नांगल हरनाथ निवासी लालचंद ने कहा एसपी साहब कुछ लोग 26 नवंबर को मुझ पर हमला कर 45 हजार रुपये लूट ले गए थे। हमला करने वाले गांव में अवैध शराब का कारोबार करते हैं। अब तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया।
-------------------------
मनफूल नबंरदार ने एसपी को कहा कि साहब हमारा एक पक्ष से विवाद चल रहा है। वह लोग हमें समझौता करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। समझौता नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। हमारे खिलाफ बार बार झूठी शिकायत भी दे रहे हैं।