ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे से टकराई कार, व्यापारी समेत दो की मौत, दो गंभीर
नारनौल। राजस्थान के सिंघाना थाने के मोई गांव के पास वीरवार रात को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक नारनौल निवासी व्यापारी भी शामिल है। वहीं हादसे में दो अन्य व्यापारी भी घायल हो गए। दोनों नारनौल की नई मंडी निवासी थे। नारनौल के चार व्यापारी वेगन आर कार में सवार होकर सालासर धाम से दर्शन कर घर लौट रहे थे। सिंघाना शहर के मोई गांव के पास श्रद्धालुओं की कार ने बीती रात आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें नारनौल के मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी करीब 52 वर्षीय महेश अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक सिंघाना के गांव माकड़ो निवासी रवि कुमार ने भी दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में नई मंडी नारनौल निवासी जितेंद्र उर्फ गोगी व नितेश उर्फ कालूराम घायल हो गए। दोनों को सिंघाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए जयपुर अस्पताल ले गए। वहीं राजस्थान पुलिस ने मृतकों का शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।