हरियाणा के महेंद्रगढ़ में नगर पालिका के वार्ड संख्या दो की पार्षद के पति ने शुक्रवार को एक सफाईकर्मी को किसी बात को लेकर थप्पड़ जड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर लामबंद हुए सफाईकर्मियों ने सफाई कार्य बंद कर दो घंटे तक नगरपालिका परिसर में धरना दिया और नारेबाजी की। हंगामा बढ़ता देख पार्षद के पति ने सफाई कर्मचारी से माफी मांगकर धरना समाप्त कराया।
पीड़ित सफाई कर्मचारी व टेंपो चालक सुनील ने बताया कि पार्षद के पति ने उसे सुबह 6 बजे बुलाया। इस दौरान उनके बीच हुई कहासुनी के बाद मोबाइल की रिकार्डिंग शुरू कर दी तो पार्षद पति ने उसको थप्पड़ जड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर नगरपालिका के प्रधान रमेश सैनी ने सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान पूर्ण वाल्मीकि और सुनील को बुलाकर बातचीत की लेकिन सफाई कर्मचारी माफी मंगवाने की जिद पर अड़े रहे।
उसके बाद नपा प्रधान रमेश सैनी, पार्षद मंजू कौशिक, पार्षद ममता सोनी ने धरनास्थल पर जाकर सफाई कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सफाई कर्मचारी नहीं माने। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि जब तक पार्षद पति माफी नहीं मांगते हैं तब तक धरना जारी रहेगा। दो घंटे बीत जाने के बाद पार्षद पति ने धरने पर आकर माफी मांगी।
इसके बाद सफाईकर्मियों ने धरना समाप्त किया। वहीं पार्षद के पति का कहना है कि वार्डवासियों द्वारा बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर उनके पास शिकायत की जा रही थी। इसके बाद उन्होंने सफाई कर्मचारी को रूट चार्ट समझाने के लिए बुलाया था।
कर्मचारी ने ठेकेदार के हिसाब से काम करने की बात कही। इसके बाद कुछ कहासुनी जरूर हुई थी लेकिन थप्पड़ नहीं मारा। इस मौके पर सफाई कर्मचारी प्रधान पूर्ण वाल्मीकि, शन्नी, राहुल, राजेंद्र दरोगा, बिजेंद्र दरोगा, निर्मला, शंकुतला, आरती, सुमन, रज्जो, कमलेश मौजूद रहे।