नारनौल। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठान न होने पर अब लोग हेल्प लाइन नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। नगर परिषद की तरफ से हेल्पलाइन नंबर-7696667153 जारी कर दिया है। यह हेल्पलाइन नंबर सुबह 7 से शाम 5 बजे तक काम करेगा। इस पर आने वाली शिकायतों को रजिस्टर में नोट किया जाएगा और उसे आगे संबंधित गाड़ी के ड्राइवर को बताया जाएगा। सूचना आने पर ड्राइवर द्वारा उक्त कालोनी, मोहल्ले में जाकर डोर टू डोर कूड़ा एकत्रित करने का काम करेगा। हेल्पलाइन नंबर को सभी डोर टू डोर गाड़ियों पर भी लिखवा दिया गया है ताकि लोग उसे नोट कर सके। जिस दिन भी गाड़ी नहीं आए, उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर पर दी जा सके। इससे शहर वासियों को काफी राहत मिल सकेगी। यहां बता दे कि शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर शहर वासियों के अलावा पार्षदों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है और ठेकेदार द्वारा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन सही नहीं किया जा रहा। हर बार बैठक में भी पार्षद यह समस्या रखते हैं। अब नगर परिषद द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया गया है, जिससे शहर के लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।
एक फरवरी से ठेका हुआ शुरू
नारनौल शहर में एक फरवरी से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का ठेका दिया गया है। लगभग 3 करोड़ 90 लाख वार्षिक का यह ठेका है। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के नप के ठेकेदार द्वारा सभी वार्डों में गाड़ियां लगाई गई है, लेकिन अब भी कुछ एरिया में गाड़ियां नहीं पहुंच पाती है।
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन न होने पर लोग अब हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर सकेंगे। शिकायत आने पर संबंधित एरिया में गाड़ी भेजकर उसका तुरंत समाधान करवाया जाएगा। प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आए। शहर को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
-कमलेश सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, नारनौल